



भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय प्रकल्प के तहत हुआ आयोजन
नागौर // भारत विकास परिषद् शाखा नागौर द्वारा राष्ट्रीय प्रकल्प गुरु वंदन छात्र अभिनंदन का आयोजन किया गया। प्रकल्प प्रभारी योगेश सोनी ने बताया कि बालवा रोड स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल,नागौर में परिषद् के वरिष्ठ सदस्य सेवानिवृत प्रोफेसर भवानी शंकर रांकावत और विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रमिला यादव ने मां सरस्वती के दिव्य चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए प्रोफेसर भवानी शंकर रांकावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान बहुत ही महत्वपूर्ण था और आज भी है।गुरु ही शिष्यों का सच्चा मार्गदर्शक होता है। गुरु ही हमें जीवन जीने की सीख देता है। गुरु शिष्य के संबंध ज्ञान और संस्कार जन्य हैं। गुरु अंधेरे से प्रकाश की ओर ले जाता है। वर्तमान समय में गुरु शिष्य के संबंधों को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है।
भारत विकास परिषद् का परिचय शाखा सदस्य अशोक मूंदड़ा ने दिया। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण भारत वर्ष में 1500 शाखाओं के लगभग 80,000 सदस्यों के माध्यम से परिषद् सेवा,संस्कार,समर्पण,संपर्क,सहयोग आदि आधारभूत बिंदुओं केंद्र में रखते हुए समाज जीवन में कार्य कर रही है।
परिषद् के द्वारा जल प्याऊ,निशुल्क चिकित्सा उपकरण वितरण जैसे कई स्थायी सेवा प्रकल्पों का संचालन भी किया जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए परिषद् समय समय पर रचनात्मक और कौशल अभिवृद्धि के अनेक कार्यक्रम आयोजित करती है। इसी श्रृंखला में आगामी सितंबर माह में विद्यार्थियों के लिए भारत को जानो सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन भी परिषद् द्वारा करवाया जाएगा।
शाखा सदस्य केशव चांडक ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज निर्माण और प्रकृति संरक्षण करते हुए समाज और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलवाई।
इस अवसर पर विद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों अनन्या और मनसा मांझू को सम्मान फलक और सद साहित्य प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय में उपस्थित सभी पच्चीस गुरुजनों को मंगल तिलक लगाकर कलम प्रदान कर वंदन किया गया।
शाला की प्रधानाचार्या प्रमिला यादव ने परिषद् की नागौर शाखा के सदस्यों का आभार प्रकट किया।प्रमिला यादव ने कहा कि परिषद् द्वारा किए जाने वाले कार्यक्रम हमेशा ही देशभक्ति की प्रेरणा देने वाले,संस्कारक्षम और सराहनीय होते हैं। उन्होंने परिषद् के उज्ज्वल भविष्य की कामना व्यक्त की।कार्यक्रम में नागौर शाखा के वरिष्ठ सदस्य कैलाश अग्रवाल और विद्यालय के समस्त शिक्षक गण उपस्थित थे।राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मॉडल स्कूल के शिक्षक लक्ष्मी नारायण सोनी ने किया।



