संस्कृत शिक्षा विभागीय शिक्षक संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष पारीक ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

आसपास

मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित कर अभिनन्दन कार्यक्रम हेतु मांगा समय

प्रादेशिक डेस्क // राजस्थान संस्कृत शिक्षा विभागीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवाड़ी मऊ के निर्देशानुसार संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष महेंद्र पारीक मेड़ता ने सोमवार को संगठन के साथियों के साथ राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर संस्कृत शिक्षा विभाग को अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक सौगातें देकर राज्य में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

पारीक ने बताया कि जयपुर जन सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री से मुलाकात कर संस्कृत शिक्षा विभाग में लंबे समय बाद पदोन्नतियां करवाने, सभी 225 प्रवेशिका माध्यमिक स्तर के संस्कृत विद्यालयों को वरिष्ठ उपाध्याय उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत करने, शिक्षा विभाग की तरह 9मण्डल गठित करने, सामान्य व संस्कृत शिक्षा की भर्ती सम्मिलित करवाने,नई भर्तियों का रास्ता खोलने,नए विद्यालय खुलवाने सहित अनेक अभूतपूर्व कार्य करवाकर प्रदेश में संस्कृत शिक्षा का संरक्षण संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार की मिसाल कायम करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। साथ ही संगठन की ओर से मुख्यमंत्री का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित करवाने हेतु प्रदेशाध्यक्ष तिवाड़ी द्वारा लिखा गया पत्र सीएम को सौंपा एवं कार्यक्रम हेतु समय निर्धारित करने का निवेदन किया । जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्दी ही इस पर निर्णय लेने का विश्वास दिलाया है।

राज्य सरकार द्वारा संस्कृत शिक्षा के लिए किए जा रहे अभूतपूर्व कार्यों को लेकर संस्कृत शिक्षा जगत में भारी उत्साह है।