




नागौर // चिकित्सा विभाग हाइपरटेंशन और हाई बीपी को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में 17 मई से विशेष अभियान चलाएगा। इसमें आमजन को इन बीमारियों से बचने और चिकित्सक से परामर्श लेने की जानकारी दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जुगल किशोर सैनी ने बताया कि जिले में 17 मई से 16 जून तक ये विशेष अभियान चलेगा। जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर जागरूक किया जाएगा। 17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के कार्यक्रम के साथ इस अभियान की शुरूआत होगी। शिविरों के जरिए इन बीमारियों से पीड़ित व संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. सैनी ने बताया कि इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 जिलों को केंद्र सरकार व पांच जिलों को राज्य सरकार पुरस्कृत करेगी।
उन्होंने बताया कि अभियान में जिले के दो जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के एनसीडी क्लिनिक पर साइकिल रैली, मैराथन, जागरूकता रैली, वॉल पेंटिंग, जागरूकता कैम्प, क्विज, सेमीनार, शॉर्ट फिल्म, टॉक शो, स्लोगन लेखन, नुक्कड़ नाटक, ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता स्क्रीनिंग शिविर, वेबीनार, प्रशिक्षण समेत अन्य कार्यक्रम होंगे।



