


27 28 फरवरी को आयोजित होगी रीट परीक्षा
नागौर // माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा आयोजित राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) 2024 तीन पारियों में 27 फरवरी 2025 एवं 28 फरवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा 27 फरवरी 2025 को दो पारियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक एवं दोपहर 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक एवं 28 फरवरी 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक जिला मुख्यालय पर 25 परीक्षा केन्द्रों 13 राजकीय एवं 12 गैर राजकीय परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। जिसमें कुल तीनों पारियों में 22884 अभ्यर्थियों द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पारी में क्रमशः 5709, 8592 एवं 8593 परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा दी जाएगी। उक्त विषयक परीक्षा हेतु जिला मुख्यालय पर जिला परिषद्, सभागार में परीक्षा की तैयारियों के संबंध में अध्यक्ष परीक्षा संचालन समिति एवं पदेन जिला कलक्टर नागौर, सह अध्यक्ष एवं पदेन पुलिस अधीक्षक, नागौर एंव नोडल अधिकारी, पदेन अतिरिक्त जिला कलक्टर, नागौर व, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, नागौर सदस्य सचिव पदेन जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक (मुख्यालय) की उपस्थिति में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित हुए।
प्रशिक्षण के दौरान अरूण कुमार पुरोहित अध्यक्ष परीक्षा संचालन समिति एवं पदेन जिला कलक्टर द्वारा समस्त केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन करवाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने पुलिस विभाग को डिबार केन्डिडेंटस की ट्रेसिंग करने एवं पुलिस विभाग से संबंधित समस्त कार्यवाही समय पर एवं गंभीरता से सम्पादित किए जाने के निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर द्वारा राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम अध्युपाय) अधिनियम 2022 के नियमों की जानकारी प्रदान करते हुए किसी भी तरह की नकल में शामिल होने/गतिविधियों में भाग लेने पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश प्रदान किए।
इस परीक्षा में 10 परीक्षा केन्द्रों पर 1 एरिया अधिकारी एवं 05 परीक्षा केन्द्रों पर 1 जोनल अधिकारी का गठन बोर्ड की मार्गदर्शिका के अनुसार किया जा चुका है। साथ ही जिला कलक्टर द्वारा अवगत करवाया गया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर 1 घंटा पूर्व पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रथम पारी के परीक्षार्थियों का सुबह 9 बजे के बाद एवं द्वितीय पारी के परीक्षार्थियों को दोपहर 2 बजे के बाद सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
चम्पालाल जीनगर, नोडल अधिकारी एवं पदेन अतिरिक्त जिला कलक्ट द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था बनाए रखने एवं मेडिकल विभाग के अधिकारियों को मेडिकल टीम का गठन मय एम्बुलेंस किए जाने हेतु निर्देश प्रदान किए तथा परीक्षा में नियोजित किए गए एरिया अधिकारी, जोनल अधिकारी, केन्द्राधीक्षक, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक, केन्द्र पर्यवेक्षक, वीक्षक, फील्ड सुपरवाईजर, सुपरवाईजर कम आंतरिक फ्लाईंग, पेपर काॅर्डिनेटर आदि को बोर्ड की मार्गदर्शिका के अनुसार कार्यवाही गंभीरता से संपादित करने के निर्देश प्रदान किए। साथ ही अवगत करवाया कि परीक्षार्थियों को अनुत्तरित प्रश्नों के लिए आंसर शीट में प्रदत्त 5 वां गोला भरना अनिवार्य होगा अन्यथा अनुतरित प्रश्नों के लिए आयोग द्वारा किए प्रावधान के अनुसार कार्यवाही की जाएगी जिस हेतु परीक्षार्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। एवजी/नकली परीक्षार्थियों की रोकथाम के लिए प्रत्येक परीक्षार्थी की विडियोग्राफी की जाएगी। परीक्षार्थियों को उनकी हेंडराइटिंग से एक पैरा लिखना होगा जिसका प्रयोजन नकली अभ्यर्थी की पहचान उनकी हेंडराइटिंग से की जा सकेगी।
उक्त परीक्षा हेतु जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष 24 गुणा 7 घंटे के लिए स्थापित किया गया है जिसके दूरभाष संख्या 01582-240830 है।
प्रवेश पत्र के साथ लानी होगी स्व प्रमाणित आईडी
इस दौरान जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ स्वयं द्वारा प्रमाणित पहचान पत्र की प्रति लानी होगी। जिसके अभाव में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संपूर्ण परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की नजर में होगी। उन्होंने परीक्षा में ड्यूटी करने वाले सभी अधिकारियों को सामग्री लेते समय पूर्ण सावधानी बरतने तथा पेपर वितरण के दौरान आवश्यक सावधानी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि किसी भी परिस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुचित साधनों का प्रयोग करने व डमी अभ्यर्थी बैठने की स्थिति में 1 करोड़ से 10 करोड़ रुपए तक की पेनल्टी निर्धारित है। उन्होंने बताया कि कोई भी अधिकारी कर्मचारी लालच में ना आएं तथा किसी भी स्थिति में पेपर लीक जैसी घटना ना हो।
मोबाइल पर पूर्णतया प्रतिबंध
जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि परीक्षा में कोई भी अधिकारी व कर्मचारी किसी भी स्थिति में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा में ड्यूटी करने वाले कार्मिक व अधिकारी भी अपना मोबाइल बंद करके बाहर रखकर आएंगे। जिला कलेक्टर ने बताया कि ड्यूटी करने वाले संबंधित अधिकारी व कर्मचारी समय से पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्रों की तैयारी करें और वहां की व्यवस्थाएं जांच ले। राज्य सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों की सख्ताई से पालना करना सुनिश्चित करें।



