जानलेवा मांझों से नागरिकों को बचाना हमारा नैतिक कर्तव्य: पचीसिया

समाज

बीकानेर जिला उद्योग संघ का नवाचार

बीकानेर // शहर में लगातार जानलेवा मांझों से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन जहां सख्ती से कार्रवाई कर रहा है, वहीं बीकानेर जिला उद्योग संघ ने भी इस मुहिम में सहभागिता निभाते हुए एक सराहनीय पहल की है।

संघ द्वारा नागरिकों को चाइनीज सहित सभी प्रकार के खतरनाक मांझों से बचाव हेतु विशेष मांझा बचाव उपकरण संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा के नेतृत्व में आमजन को वितरित किए गए।

संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाना है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रयास से किसी एक व्यक्ति का भी जीवन बचाया जा सके, तो यह उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बीकानेर जिला उद्योग संघ का यह जनहितकारी नवाचार अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायक है और मानव जीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे के भंडारण और विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पचीसिया एवं उनकी टीम द्वारा किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से नागरिकों को दुर्घटनाओं से बचाने में कारगर सिद्ध होगा।

इस अवसर पर जयचंद लाल डागा, गणेश बोथरा, राजेश चूरा, पंडित प्रदीप किराड़ू, वीरेंद्र किराड़ू, डूंगरमल प्रजापत, पवन पचीसिया सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।