बीकानेर में ‘नो चाइनीज मांझा’ अभियान को जनसमर्थन, बच्चों को बांटी गई जागरूकता पतंगें

समाज

विधायक जेठानन्द व्यास ने सुरक्षित पतंगबाजी का दिया संदेश

बीकानेर // बीकानेर में स्थापना दिवस और अक्षय तृतीया को ध्यान में रखते हुए चाइनीज मांझे के खिलाफ जन जागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में बीकानेर हलचल कम्यूनिकेशन द्वारा ‘नो चाइनीज मांझा’ स्लोगन लिखी पतंगों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक जेठानन्द व्यास की मौजूदगी रही।

शुक्रवार को करमीसर रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में बच्चों के बीच पतंगें बांटी गईं और उन्हें सुरक्षित पतंगबाजी के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को बताया गया कि चाइनीज मांझा पक्षियों के साथ-साथ आम लोगों, खासकर दोपहिया चालकों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।

इस दौरान श्रीनारायण आचार्य ने चाइनीज मांझे पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इसके खिलाफ समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। वहीं विधायक व्यास ने कहा कि बीकानेर की पतंगबाजी की परंपरा हमेशा उत्साहपूर्ण रही है, लेकिन चाइनीज मांझे के बढ़ते उपयोग ने इसे खतरनाक बना दिया है।

उन्होंने युवाओं और बच्चों से अपील की कि वे केवल सुरक्षित मांझे का उपयोग करें और दूसरों को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में रमेश व्यास, अनिल बिस्सा, नवनीत पुरोहित, नटवर ओझा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।