चारलेन के नागौर बायपास और नागौर नेत्रा खंड के चारलेनकरण के लिए 1394 करोड़ रु मंजूर

प्रशासन

नागौर // केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजस्थान में केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के तहत कुल 1000.90 किलोमीटर लंबाई की 40 राज्य सड़क परियोजनाओं के लिए ₹1914.71 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है । इसके साथ ही प्रदेश में 104.49 किमी हाईवे परियोजनाओं के निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा लगभग 1394 करोड़ रुपये की लागत की नई परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है ।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज जयपुर में बताया कि 1914.71 करोड़ लागत की इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से विभिन्न राज्य सड़कों (31 प्रमुख जिला सड़कें, 8 राज्य राजमार्ग और 1 अन्य जिला सड़कें) के खंडों का मजबुतीकरण और चौड़ाईकरण शामिल है। इससे राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में बेहतर सड़क संपर्क और निर्बाध यात्रा प्रदान करने में मदद मिलेगी।

नागौर बाईपास और नागौर नेत्रा खंड के लिए मंजूरी

इसके साथ ही 1394 करोड़ की लागत से चार लेन के नागौर बाईपास (अमरपुरा से गोगेलाव) का निर्माण तथा नागौर नेत्रा सड़क के 4 लेन का कार्य की स्वीकृति प्राप्त हुई है। उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का इन स्वीकृतियों के लिए आभार जताया है ।