पाकिस्तान आतंक की फैक्ट्री है, उसे नष्ट करने का काम भारत ने किया- अर्जुनराम मेघवाल

राजनीति

केंद्रीय कानून व विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पत्रकारों से बातचीत

बीकानेर // केंद्रीय कानून व विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि पाकिस्तान आतंक की फैक्ट्री है, उसे नष्ट करने का काम भारत ने किया है। ऐसे समय पूरे देश को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने भारत सरकार की ओर से गठित सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को विश्व के दौरे पर भेजे जाने से जुड़े एक सवाल पर कहा कि यह सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान की आतंकी हरकतों को पूरे विश्व को बताएगा इसलिए इस विषय पर यदि विपक्ष राजनीति करता है तो यह सर्वथा गलत है बल्कि देश हित में सभी दलों को एकजुट होकर भारत की ताकत बनना चाहिए। वे बुधवार को पलाना दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह समय एकजुट होकर के आतंक के खिलाफ लड़ने का है। पाकिस्तान की इस हरकत को पूरे विश्व के देशों के सामने उजागर करने के लिए सर्व दलीय एक प्रतिनिधि मंडल सरकार की ओर से भेजा जा रहा हैं। उस पर विवाद खड़ा करने की बजाय एक स्वर में सभी को देश हित में बात करने की जरूरत है। मेघवाल ने बताया कि यह दल अनेक देशों के मुखियाओं के साथ मुलाकात कर पाकिस्तान में पनप रही आतंकवादी गतिविधियों को उजागर कर पाकिस्तान की हरकतों को उनके सामने लाएगा। अगर राहुल गांधी या विपक्ष का कोई भी नेता इस प्रकार की बात करता है तो यह गलत है।