बीकानेर में जल संकट पर कांग्रेस नेता आनंद कुमार जोशी का सरकार पर तीखा हमला

राजनीति

नहरबंदी में अव्यवस्था, अधूरी परियोजनाओं और टैंकर माफिया के बढ़ते प्रभाव पर उठाए सवाल; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

बीकानेर // शहर में गहराते जल संकट और नहरबंदी के दौरान अव्यवस्थित जलापूर्ति को लेकर कांग्रेस नेता आनंद कुमार जोशी ने राज्य सरकार, संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से चल रही जल परियोजनाओं को समय पर पूरा नहीं किया जा रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जोशी ने आरोप लगाया कि नहरबंदी के दौरान जल प्रबंधन पूरी तरह विफल रहा है और टैंकर माफिया हावी हो चुका है। प्रशासनिक उदासीनता के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में शुरू किए गए शहरी पुराने कुओं का समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा, जबकि उन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा स्वीकृत जलाशयों के निर्माण कार्य में भी अनावश्यक देरी हो रही है।
जोशी ने जानकारी दी कि बीकानेर में महादेव इंफ्रा कंपनी द्वारा चकगर्भी और बिछवाल क्षेत्र में लगभग 485 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय और ऑफशोर डिस्ट्रीब्यूशन टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना की समयसीमा वर्ष 2024 तक निर्धारित थी, लेकिन अब तक केवल करीब 60 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कथित मिलीभगत के कारण परियोजना अधूरी पड़ी है और संबंधित कंपनी के खिलाफ न तो कोई पेनल्टी लगाई गई है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है। वर्तमान में निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।

कांग्रेस नेता जोशी ने सवाल उठाया कि इतने बड़े प्रोजेक्ट को हल्के में क्यों लिया जा रहा है और कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जलदाय विभाग द्वारा सोमवार तक आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो वे विरोध प्रदर्शन के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।