पीबीएम में मरीजों के परिजनों की सेवा कर रहे हैं अनेक भामाशाह, रानी पारीक ने पिलाई छाछ तो खत्री ने कचौरी

राजनीति

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सेवादारों की कोई कमी नहीं, यहां हर वक्त पिलाया जाता है ठंडा पानी

बीकानेर // भीषण गर्मी के इस दौर में पीबीएम अस्पताल परिसर मरीजों के परिजनों के लिए वरदान साबित हो रहा है। यहां दूरदराज से यहां आकर भर्ती हुए मरीजों के परिजन वैसे भी बड़ी परेशानी में होते हैं ऐसे में उन्हें यदि सेवादार मिल जाए तो उनकी आधी परेशानी तो चंद सैकण्ड में दूर हो जाती है। यहां सुबह से लेकर रात तक सेवादार भर्ती मरीजों के परिजनोंं के लिए सेवा में तत्पर नजर आते हैं। अनेक लोग, संगठन व कुछ परिवार सेवा के विविध प्रकल्प यहां संचालित करते रहते हैं। इसी कड़ी मे भामाशाह रानी पारीक ने अपने पति राजेश पारीक के सान्निध्य में पीबीएम में भर्ती रोगियों के रिश्तेदारों को भयंकर गर्मी एवं उमस से बेहाल देखकर ठंडी छाछ का वितरण करवाया। छाछ के हलक से नीचे उतरते ही मरीजों के परेशान परिजनों के चेहरे पर सुकून देखा गया। इस दौरान रानी पारीक की इस सेवा प्रकल्प का हिस्सा बनते हुए समाजसेवी संजय खत्री ने कचोरी का वितरण भी करवाया। रानी पारीक ने बताया कि इस भयंकर गर्मी में इंसान, पशु पक्षी सभी का हाल बेहाल है और इसे देखते हुए छाछ पिलाने का निर्णय लिया। इसमें सहयोगी के रूप में समाजसेवी रमेश व्यास, चरणजीत खुराना व आशा पारीक ने भरपूर सहयोग किया।

गौरतलब है कि अनेक स्वयंसेवी संस्थाएं बरसों से पीबीएम में सेवादारों की भूमिका में है। यहां रात को सोने के लिए सस्ती दर पर धर्मशालाएं हैं तो सस्ते दर पर भरपेट भोजन भी है। साथ ही यहां पर सुबह से लेकर रात तक आरओ प्लांट का मीठा व ठंडा पानी भी मरीजों के साथ आए परिजनों को पिलाया जाता है। इस कैम्पस में जगह जगह लोग ठंडे पानी के कैंपरों से आमजन को ठंडा जल वितरण कर रहे हैं।