




नागौर // चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया गया। इसी दिन से हाइपरटेंशन और हाई बीपी को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान की शुरूआत की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जुगल किशोर सैनी ने बताया कि विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर शनिवार को जिले के राजकीय चिकित्सा संस्थानों में आमजन के रक्तचाप की जांच की गई। साथ ही उन्हें उच्च रक्तचाप के कारण होने वाली शारीरिक परेशानियों और इस स्थिति से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। डॉ. सैनी ने बताया कि यह जागरूकता अभियान आगामी एक माह यानी 16 जून 2025 तक चलेगा। इसके तहत चिकित्सा संस्थानों में लगने वाले उच्च रक्तचाप जांच शिविरों में इन बीमारियों से पीड़ित व संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
साथ के साथ अभियान के दौरान जिले के दो जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के एनसीडी क्लिनिक पर साइकिल रैली, मैराथन, जागरूकता रैली, वॉल पेंटिंग, जागरूकता कैम्प, क्विज, सेमीनार, शॉर्ट फिल्म, टॉक शो, स्लोगन लेखन, नुक्कड़ नाटक, ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता स्क्रीनिंग शिविर, वेबीनार, प्रशिक्षण समेत अन्य कार्यक्रम होंगे।



