




22 से 31 दिसंबर तक होगा आयोजन, वृंदावन की ब्रज मंडली करेगी रासलीला; कलश यात्रा और संगीतमय सुंदरकांड पाठ से होगा शुभारंभ
बीकानेर। बीकानेर में पहली बार एक ही छत के नीचे पांच अलग-अलग धार्मिक कथाओं का वाचन किया जाएगा। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं सनातन मित्रमंडल के तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में 22 से 31 दिसंबर तक 11 दिवसीय पंच पावन कथा महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान वृंदावन की ब्रज मंडली की ओर से दिव्य रासलीला का मंचन भी किया जाएगा। मंगलवार को बाहेती भवन में पं. जुगल किशोर ओझा पुजारी बाबा, व्यवसायी जगतनारायण कल्ला, कन्हैयालाल जोशी और राजेश चूरा ने आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया।
फाउंडेशन के सीए महेंद्र चूरा ने बताया कि कथा महोत्सव में प्रतिदिन दोपहर 12.15 से शाम 5.15 बजे तक अलग-अलग पंडितों द्वारा पांच धार्मिक कथाओं का वाचन किया जाएगा। इसके तहत 22 व 23 दिसंबर को पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास श्रीमद् देवी भागवत कथा सुनाएंगे। 24 व 25 दिसंबर को पं. आशाराम व्यास के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा होगी। 26 व 27 दिसंबर को पं. संजय व्यास श्रीराम कथा का वाचन करेंगे। वहीं 28 व 29 दिसंबर को पं. लक्ष्मीकांत व्यास, कलकत्ता वाले, श्री बाबा रामदेव चरित कथा सुनाएंगे। 30 व 31 दिसंबर को पं. मुरली मनोहर व्यास श्रीमद् भागवत कथा का वाचन करेंगे।
कथा महोत्सव में काशी करपात्री धाम के अधिष्ठाता सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम बीकानेर के अधिष्ठाता श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, श्री नवलेश्वर मठ के अधिष्ठाता शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के अधिष्ठाता विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के अधिष्ठाता रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज और बाल संत छैल बिहारी महाराज सहित अनेक संतों का सानिध्य प्राप्त होगा। 31 दिसंबर को कथा की पूर्णाहुति के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
पोस्टर विमोचन में ये रहे मौजूद
पोस्टर विमोचन के अवसर पर दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, बुलाकीदास व्यास, गोविन्द नारायण चूरा, श्यामसुंदर व्यास, महीधर नारायण पुरोहित, कमल डागा, कुनाल डागा, निर्मल कुमार दम्माणी, देवकिशन चांडक, गोरधन बिन्नाणी, पं. सुशील किराडू, पं. अशोक किराडू, राजेन्द्र किराडू, राधेश्याम सोनी, विनोद सोनी, घनश्याम सोनी, नंदकिशोर चांडक, हरगोपाल पुरोहित, कमल नारायण पुरोहित, हरिनारायण चूरा, सुरेन्द्र कुमार चूरा, कैलाश राठी, रामकुमार अग्रवाल, अशोक आचार्य, नरेश पुरोहित, अशोक बिस्सा, भंवर उपाध्याय, वीरेन्द्र किराडू, गोविन्द व्यास, इन्द्र जोशी, महावीर सांखला, संतोष पुरोहित, राजेन्द्र व्यास, श्रीकांत व्यास, राजकुमार व्यास और बालकिशन व्यास सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



