



बीकानेर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने देशनोक रेलवे स्टेशन का अवलोकन किया, मोदी की रैली के लिए आमजन को दिया निमंत्रण
बीकानेर // अक्सर बड़े ओहदे पर बैठते ही अधिकांश लोग आमजन से दूर हो जाते हैं तथा वे एक खास प्रोटोकॉल को फौलो करने लगते हैं मगर प्रदेश के मुख्यमंत्री “खास” होने के बावजूद बुधवार को बीकानेर शहर से लेकर देशनोक तक के दौरे में खास के बजाय “आम” नजर आए। उन्होंने गंगाशहर में आमजन से पूरी आत्मीयता के साथ मुलाकात की तथा कल उन्हें पलाना में होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के लिए निमंत्रण भी दिया, वहीं गंगाशहर में उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ के ध्येय के साथ गर्मी को दूर करने के लिए स्थानीय विक्रेता द्वारा तैयार गन्ने का रस पिया और स्थानीय व्यवसाय को समर्थन देकर आत्मनिर्भर भारत की भावना को बढ़ावा दिया। इस दौरान वे गन्ने का रस बनाने वाले व्यक्ति के साथ पूरी आत्मीयता से मिले। इस मौके पर उनके साथ चिकित्सा मंत्री व बीकानेर के जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पशिचम के विधायक जेठानंद व्यास तथा बीकानेर पूर्व सीट की विधायक सिद्धि कुमारी सहित अनेक भाजपा नेता भी साथ रहे। सभी ने गन्ने का जूस पिया। गंगाशहर में ही उन्होंने महिला स्वच्छताकर्मियों से भी मुलाकात की। इसके बाद वे पलाना व देशनोक के लिए रवाना हुए।

महिला सफाईकर्मियों के साथ खिंचवाई फोटो
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शाम गहराने के बाद देशनोक पहुंचे। उन्होंने देशनोक रेलवे स्टेशन पर अवलोकन किया तथा स्टेशन की निर्माण शैली को देख अभिभूत हुए। इस दौरान महिला सफाई कर्मचारियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उनकी मनुहार पर मुख्यमंत्री ने उनके साथ खड़े होकर छायाचित्र खिंचवाया और उनके द्वारा स्वच्छ और स्वस्थ समाज के लिए दिए जा रहे योगदान पर भूरी भूरी प्रशंसा की। इस मौके पर प्रदेश में उनके मंत्रीमंडल के मंत्री व विधायक आदि मौजूद रहे। देर रात वे बीकानेर लौट आए। मुख्यमंत्री रात्रिकालीन विश्राम बीकानेर में ही करेंगे।





