


गोकुल सर्किल से जूनागढ़ तक रंगोली से सजे प्रमुख स्थल
बीकानेर // नगर स्थापना दिवस समारोह समिति और नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय नगर स्थापना कार्यक्रम के तहत रविवार को शहर रंगों से सराबोर नजर आया। “सजेगा बीकानेर” कार्यक्रम के अंतर्गत 75 से अधिक कलाकारों ने शहर के ऐतिहासिक स्मारकों और प्रमुख चौराहों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर सामाजिक संदेश दिए।
कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती रचना रंगा ने बताया कि गोकुल सर्किल, परशुराम सर्किल, मुरलीधर व्यास नगर, विश्वकर्मा सर्किल, ड्यूटी पेट्रोल पंप, सुरसागर झील, जूनागढ़ के आगे, जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर, रामपुरिया हवेली हेरिटेज रूट और लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर सहित कई स्थानों को रंगोलियों से सजाया गया।
कलाकारों ने रंगोलियों के माध्यम से गाय बचाओ, चाइनीज मांझे का उपयोग न करने, बाल विवाह को कानूनी अपराध बताने और हेरिटेज हवेलियों के संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान संयुक्त निदेशक अरविंद व्यास, भागवत आचार्य रमन व्यास, समाजसेवी चंद्रेश हर्ष, एडवोकेट ओम हर्ष, श्रीमती कृष्णा, डॉ. विजय लक्ष्मी व्यास, श्रीमती लक्ष्मी पारीक, मनोज व्यास, वरिष्ठ पत्रकार शिव भादानी सहित कई गणमान्य लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का निर्देशन वरिष्ठ चित्रकार योगेश रंगा, रवि उपाध्याय और चंदन ने किया। संयोजक रविन्द्र हर्ष ने सभी कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि रंगोली बनाने वाले कलाकारों का सम्मान अगले सप्ताह किया जाएगा।



