बीकानेर ट्रस्ट ने जनहित में बांटे 36 लाख, शिक्षा-चिकित्सा से लेकर खेल तक मिला सहयोग

समाज

ट्रस्टी बोले—राजपरिवार की परंपरा अनुसार लोककल्याण के कार्य आगे भी जारी रहेंगे

बीकानेर // राजमाता बाघेलीजी सुदर्शना कुमारी जी ऑफ बीकानेर ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान जनहितार्थ विभिन्न क्षेत्रों में करीब 36 लाख रुपए की आर्थिक सहायता वितरित की गई। ट्रस्ट के संस्थापक महाराजा डॉ. करणीसिंह की इच्छानुसार यह सहयोग शिक्षा, चिकित्सा, खेल और सामाजिक सरोकारों के लिए दिया गया।

ट्रस्टी/अध्यक्षा प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी एवं प्रिंसेस मधुलिका कुमारी ने प्राप्त आवेदनों पर विचार कर पात्र व्यक्तियों व संस्थाओं को सहायता स्वीकृत की। ट्रस्ट द्वारा होनहार विद्यार्थियों को स्कूल, कॉलेज व उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्तियां दी गईं, वहीं प्रतिभावान खिलाड़ियों को फुटबॉल, क्रिकेट, शूटिंग, तीरंदाजी व स्केटिंग जैसे खेलों में प्रोत्साहन स्वरूप आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।

ट्रस्टी गोविंद सिंह ने बताया कि इसके अलावा जरूरतमंद एवं गरीब लोगों को सहायता देने के साथ गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के इलाज हेतु भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई। ट्रस्ट ने बीकानेर स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक को चिकित्सकीय उपकरणों के लिए 4 लाख रुपए, पीबीएम अस्पताल के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग को 3 लाख रुपए तथा श्री सादूल राजपूत छात्रावास में सोलर सुविधा के लिए 3 लाख रुपए का सहयोग दिया।
ट्रस्टी गोविंद सिंह ने बताया कि ट्रस्ट हमेशा से जनकल्याणकारी कार्यों में अग्रणी रहा है और आगे भी इसी प्रकार समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बीकानेर की जनता के हितार्थ राजपरिवार द्वारा स्थापित ट्रस्टों के माध्यम से लोकहित के कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।