पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत: मेड़ता के नरेश पारीक ने दी बधाई, प्रचार में निभाई अहम भूमिका

राजनीति

परिणाम से पहले ही जताया था भरोसा, बोले—मतदाताओं ने खत्म किया भय का माहौल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिले ऐतिहासिक बहुमत पर मेड़ता निवासी लघु उद्योग भारती के संयुक्त महामंत्री नरेश पारीक ने खुशी जाहिर करते हुए पार्टी नेतृत्व को बधाई दी। पारीक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को शुभकामनाएं दीं, साथ ही मेड़ता के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी दूरभाष पर जीत की बधाई दी।

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के दौरान पारीक लंबे समय से सक्रिय रहे और उन्होंने वहां रहकर प्रचार की जिम्मेदारी संभाली। खास बात यह रही कि उन्होंने परिणाम आने से पहले ही भाजपा की प्रचंड जीत का दावा कर दिया था। मेड़ता विधानसभा क्षेत्र से वे अकेले ऐसे कार्यकर्ता थे, जो बंगाल चुनाव में सक्रिय प्रचार कर रहे थे।

पारीक ने कोलकाता में आयोजित कार्यक्रमों में प्रवासी राजस्थानियों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखा और मुख्यमंत्री के साथ सभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी निवास करते हैं, जिनके बीच भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य के मतदाताओं के मन से भय का वातावरण खत्म हुआ और तृणमूल कांग्रेस के कथित गुंडाराज का अंत हुआ।