



डागा चौक निवासी सुश्री सुरभि रंगा पुत्री श्री मार्कण्डेय रंगा ने अपनी शोध उपलब्धि से बीकानेर और इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर का नाम रोशन किया है। सुरभि रंगा को भारत सरकार के भारतीय पेटेंट कार्यालय द्वारा उनकी रिसर्च “ए पोर्टेबल स्मार्ट मेडिकल ट्रांसपोर्ट कंटेनर एंड मॉनिटरिंग सिस्टम” के लिए 20 वर्षों का पेटेंट प्रदान किया गया है।
सुरभि रंगा ने इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर से बी.टेक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्हें आईआईटी मंडी, हिमाचल प्रदेश में एम.टेक के लिए प्रवेश मिला। पिछले तीन वर्षों से वे इस विषय पर लगातार रिसर्च कर रही थीं। उनकी मेहनत और नवाचार को मान्यता देते हुए भारत सरकार ने दो दिन पूर्व उनके शोध कार्य को पेटेंट ग्रांट किया।
यह रिसर्च मेडिकल क्षेत्र में उपयोगी मानी जा रही है, जिसमें मरीजों अथवा मेडिकल सामग्री के सुरक्षित परिवहन और मॉनिटरिंग की आधुनिक व्यवस्था विकसित की गई है। सुरभि की इस उपलब्धि पर इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर परिवार, शिक्षकों और शहरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
कॉलेज से जुड़े शिक्षकों ने बताया कि सुरभि की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह नवाचार और शोध के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।



