श्री जैन कन्या पी.जी. महाविद्यालय में दो दिवसीय बेकिंग वर्कशॉप का समापन।

शिक्षा

बीकानेर // आज के प्रतिस्पर्धी दौर में प्रत्येक व्यक्ति कुछ नया सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का प्रयास कर रहा है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए श्री जैन कन्या पी.जी. महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना के मार्गदर्शन एवं डॉ. प्रीति मोहता के निर्देशन में गृह विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय बेकिंग वर्कशॉप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मीडिया प्रभारी विशाल सोलंकी ने बताया कि युवा पाककला विशेषज्ञ एवं ‘केकरी-बेकरी’ की संचालिका पूजा मूंधड़ा, जो इसी महाविद्यालय की पूर्व छात्रा भी हैं, ने कार्यशाला के प्रथम दिन प्रतिभागियों के समक्ष केक बनाने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन किया तथा बेकिंग से जुड़े अनेक उपयोगी एवं रोचक सुझाव साझा किए।

कार्यशाला के दूसरे दिन उन्होंने पहले दिन की जानकारी का पुनरावलोकन करते हुए केक को अंतिम रूप दिया, आकर्षक टॉपिंग बनाने की तकनीक समझाई तथा कुछ छात्राओं को मंच पर आमंत्रित कर स्वयं केक तैयार करवाया। इस दौरान छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई और व्यावहारिक प्रशिक्षण का लाभ उठाया।

समापन सत्र में प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक ज्ञान भी सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को विकसित करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य अतिथि पूजा मूंधड़ा को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

सत्रांत में गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति मोहता ने पूजा मूंधड़ा, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए विद्यार्थियों तथा शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।