बिजली-पानी संकट पर कांग्रेस का हल्लाबोल: कलेक्ट्री के आगे फोड़े मटके, महंगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन

राजनीति

रतन बिहारी पार्क से निकाला पैदल मार्च; डॉ. बीडी कल्ला और यशपाल गहलोत के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, भाजपा सरकार पर आमजन को मूलभूत सुविधाएं नहीं देने का आरोप

बीकानेर // बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के साथ बिजली-पानी की अव्यवस्था को लेकर शुक्रवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस पार्टी के निर्देशानुसार आयोजित ‘मटका फोड़ प्रदर्शन’ में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने खाली मटके फोड़ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन की शुरुआत रतन बिहारी पार्क से हुई, जहां से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। मार्च जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी के दौर में शहरवासियों को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जबकि सरकार समाधान करने में विफल साबित हुई है।

प्रदर्शन के बाद पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला और पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में जिला कलेक्टर निशांत जैन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शहर की पेयजल और बिजली व्यवस्था को तत्काल सुधारने तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में पूर्व महापौर मकसूद अहमद, गजेंद्र सिंह सांखला, बंशीलाल आचार्य, नितिन वत्सस, अनिल कल्ला, कमल कल्ला सहित शहर कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और INTUC से जुड़े अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।