


मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार देने के निर्देश; 500 फीट नई पाइपलाइन बिछाने की घोषणा
बीकानेर // सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा और पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने रविवार को ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, ट्रॉमा सेंटर में माइनर ऑपरेशन थिएटर (एमओटी) शुरू करने तथा रेजिडेंट चिकित्सकों के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
प्राचार्य डॉ. वर्मा ने हड्डी रोग एवं सर्जरी विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए आवश्यक सर्जिकल उपकरणों और संसाधनों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना एवं गंभीर मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कैंसर अस्पताल में पानी की समस्या के समाधान के लिए ट्रॉमा सेंटर की होद से करीब 500 फीट लंबी नई पाइपलाइन जोड़ने की घोषणा भी की गई। इससे कैंसर अस्पताल परिसर में जलापूर्ति सुचारु हो सकेगी। अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान ईएमडी प्रभारी डॉ. जितेंद्र आचार्य व समाजसेवी रूपा महाराज सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।



