


31 प्रतिभाओं का होगा सम्मान
बीकानेर // शाकद्वीपीय ब्राह्मण उच्च शिक्षा समिति, बीकानेर द्वारा छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-2026 का आयोजन 14 जून को प्रातः 11 बजे स्वर्गीय प्रेम रतन सेवग सभागार, शिव शक्ति भवन, डागा चौक में किया जाएगा। समिति की जनरेश्वर भवन में आयोजित बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता युवा सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सुंदर शर्मा ने की। समिति के आर.के. शर्मा ने बताया कि समारोह में यूजीसी नेट में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों सहित कुल 31 प्रतिभाओं को छात्रवृत्ति राशि एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
संयोजक महेश भोजक के अनुसार नीट एवं जेईई परीक्षा की कोचिंग के लिए 6 विद्यार्थियों को 35-35 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं सीए कोचिंग के लिए 2 विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपए, यूजीसी नेट में सफल 2 प्रतिभाओं को 10-10 हजार रुपए तथा 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को 2100-2100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस प्रकार समिति करीब 3 लाख रुपए की छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन राशि वितरित करेगी।
समिति ने निर्णय लिया कि इस वर्ष का समारोह शिक्षाविद स्वर्गीय हनुमान दास भोजक (बीकानेर) एवं स्वर्गीय बुधमल हंसावत (तारानगर) की स्मृति को समर्पित रहेगा। बैठक में दुर्गादत्त भोजक, बजरंग लाल सेवग (मास्टर), नरेंद्र शर्मा, के.डी. सेवग, गिरधर पंडित शर्मा और पवन शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।



