शशि मोहन मुंधडा का नागरिक अभिनंदन, मानव मित्र सम्मान अर्पित

समाज

बीकानेर // साझी विरासत, बीकानेर के तत्वावधान में समाजसेवी एवं वरिष्ठ सामाजिक चिंतक शशि मोहन मुंधडा का नागरिक अभिनंदन समारोह ब्रह्म बगीचा, बीकानेर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्हें “मानव मित्र सम्मान” अर्पित कर सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष तोलाराम पेड़ीवाल ने की तथा मुख्य अतिथि रोटरी क्लब के पूर्व गवर्नर राजेश चूरा थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राजेश चूरा ने कहा कि शशि मोहन मुंधडा दशकों से निस्वार्थ भाव से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने रोटरी क्लब बीकानेर के अध्यक्ष के रूप में अनेक उल्लेखनीय कार्य करते हुए नए प्रतिमान स्थापित किए। शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक सोच से अनेक जनहितकारी कार्य संपन्न हुए हैं।

तोलाराम पेड़ीवाल ने कहा कि मुंधडा ने युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा प्रेम, आत्मीयता और मानवीय मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर मुक्ति संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट हीरालाल हर्ष ने कहा कि शशि मोहन प्रत्येक समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। अभिनंदन पत्र का वाचन वरिष्ठ साहित्यकार कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने करते हुए मुंधडा के व्यक्तित्व-कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

सम्मान प्राप्त करने पर मुंधडा ने आयोजकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा ही उनके जीवन का उद्देश्य है और वे आगे भी जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय रहेंगे। समाज में सकारात्मक योगदान की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है, उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जीवन में काम करना उनको विरासत में मिला।

इस अवसर पर अतिथियों ने मुंधडा को अभिनंदन पत्र, शाल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर बृजगोपाल जोशी, मंगलचंद रंगा, एन.डी. रंगा, राष्ट्रीय कोच अनिल जोशी तथा नारायण दास रंगा सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शशि मोहन मुंधडा के सामाजिक अवदान की सराहना की।