साइकिल पर निकले केंद्रीय मंत्री, काटा ‘साइकिल बर्थडे’ केक; बोले- फिटनेस के साथ पर्यावरण बचाने का सबसे आसान तरीका

राजनीति

विश्व साइकिल दिवस पर बीकानेर में निकली विशाल रैली, हेलमेट पहनने का दिया संदेश

बीकानेर. विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को शहर में आयोजित विशाल साइकिल रैली और ‘मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट’ अभियान के तहत केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने साइकिल चलाकर फिटनेस, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान पहली बार आयोजित ‘साइकिल जन्मदिन’ कार्यक्रम में उन्होंने केक काटकर अनूठी पहल की शुरुआत भी की।

गंगा थिएटर से शुरू हुई रैली को मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर वापस गंगा थिएटर पहुंची। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को फिट इंडिया अभियान, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

‘मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट’ अभियान के संयोजक बस्तीराम बिश्नोई ने साइकिल जन्मदिन समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर मेघवाल ने कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, हृदय रोगों का खतरा कम होता है और मानसिक स्वास्थ्य भी मजबूत बनता है।

उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खपत की चुनौतियों के बीच साइकिल सबसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों में से एक है। यदि लोग दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग करें तो प्रदूषण कम करने और स्वस्थ समाज बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

मेघवाल ने हेलमेट के नियमित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए आयोजकों की सराहना की।

जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए योग, रस्साकशी, रनिंग गतिविधियां और जुंबा डांस सत्र भी आयोजित किए गए। योग प्रशिक्षक भुवनेश पुरोहित और उनकी टीम ने योग प्रदर्शन किया। नगर निगम की ओर से खिलाड़ियों के लिए फल और जूस की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, एडीएम उम्मेद सिंह रतनू, एडिश्नल एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, आईपीएस चयनित सुनील गोदारा, कोषाधिकारी धीरज जोशी, सीओ सिटी अनुज डाल, साई ट्रेनिंग सेंटर जोधपुर प्रभारी हनुमंत सिंह, जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष, राजेश कुमार, डॉ. शंकरलाल प्रजापत, श्रवण भांभू, सुंदर बिश्नोई, सुरेन्द्र कुकणा, बस्तीराम बिश्नोई, ईशान शर्मा, दयालाराम सारण, जेठाराम गाट, रामस्वरूप जाखड़, पेमाराम, रामप्रसाद, सुरेश गुप्ता, अनवर अली, नवीन डूडी सहित बीएसएफ, एयरफोर्स, पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों, खिलाड़ियों और आमजन ने भाग लिया।