


पुराने न्यायालय परिसर में जलभराव से परेशान वकीलों और पक्षकारों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद
बीकानेर // हाल ही में हुई बारिश के बाद पुराने न्यायालय परिसर में गंभीर जलभराव की समस्या को लेकर बार एसोसिएशन, बीकानेर ने मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुराने न्यायालय भवन और आसपास जलभराव से अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों एवं पक्षकारों को हो रही परेशानियों की जानकारी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने तुरंत जिला कलक्टर से दूरभाष पर बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त को समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर सहायक अभियंता अशोक को तत्काल न्यायालय परिसर भेजा गया।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने सहायक अभियंता को मौके की वास्तविक स्थिति से अवगत करवाते हुए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण पुराने न्यायालय परिसर से नए न्यायालय परिसर तक आवागमन में अधिवक्ताओं और पक्षकारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस दौरान बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान, अधिवक्ता सन्तनाथ योगी, चतुर्भुज सारस्वत, रामनिवास बिश्नोई, पवन कुमार व्यास सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
बार एसोसिएशन ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला कलक्टर और नगर निगम प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेने पर आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई कर न्यायालय परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करेगा।



