


मुरलीधर व्यास नगर स्थित एसडीपी स्कूल में बड़ी संख्या में लोगों ने किया योग, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
बीकानेर // अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को मुरलीधर व्यास नगर स्थित एसडीपी स्कूल परिसर में भव्य योग पूर्वाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुनरासर पारायण समिति, बीकानेर के तत्वावधान में किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में योग गुरु ऋषिका व्यास ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन जीने की एक समग्र जीवन पद्धति है। नियमित योग करने से व्यक्ति अनेक शारीरिक एवं मानसिक बीमारियों से बच सकता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
योग पूर्वाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की महत्ता, योग के वैज्ञानिक लाभों तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में राजकुमारी व्यास एवं न्यू रोशनी जन कल्याण सेवा संस्थान का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान समिति पदाधिकारियों ने सहयोगकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पुनरासर पारायण समिति के महामंत्री रामचन्द्र आचार्य ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यक्रम के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए सहयोग के लिए एसडीपी स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती सीमा देवी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। योग दिवस को लेकर प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य योग दिवस कार्यक्रम में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।



