


रेल मंत्री व कानून मंत्री ने बीकानेर से दिखाई साबरमती एक्सप्रेस को हरी झंडी
बीकानेर // केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय विधि एवं न्याय एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर–लालगढ़–अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ करते हुए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा राजस्थान के सीमांत क्षेत्रों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर जिलों के अनेक गांवों को रेलवे सुविधा से जोड़ने का प्रकल्प हाथ में लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की डीपीआर बनाने सहित विभिन्न प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं। वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। अनेक स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए जून माह में पुनः टेंडर जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसलमेर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किए गए हैं, जिनकी देश-विदेश के पर्यटकों द्वारा सराहना की जा रही है।
रेल मंत्री वैष्णव ने नाल से पालना तक रेलवे बाईपास निर्माण की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बनने से मालगाड़ियों का शहर के भीतर आवागमन कम होगा, जिससे यातायात सुगम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
कोटगेट व सांखला फाटक की समस्या जल्द होगी खत्म
केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर के लिए यह ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण दिन है। बीकानेर से अहमदाबाद तक शुरू हुई यह रेल सेवा हजारों यात्रियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने बीकानेर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। मेघवाल ने कहा कि शहर के कोटगेट रेलवे फाटक तथा सांखला रेलवे फाटक जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है, जिसमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का महत्वपूर्ण योगदान है।
इस अवसर पर नई बीकानेर (लालगढ़)–अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस रेल सेवा की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह ट्रेन गुजरात और राजस्थान के बीच सीधा, तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। यह नई एक्सप्रेस पश्चिम भारत के दो प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की रानी की बाव तथा अहमदाबाद की समृद्ध विरासत और राजस्थान के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस तथा बीकानेर की समृद्ध संस्कृति एवं मरुस्थलीय पर्यटन स्थलों तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।
नई रेल सेवा गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन एवं बनासकांठा जिलों तथा राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों के यात्रियों को लाभान्वित करेगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर एवं लालगढ़ स्टेशन होंगे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, श्याम पंचारिया, श्रीमती सुमन छाजेड़, चंपालाल गेदर सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



