टूटे बिजली के तार हटाने गए युवक की करंट की चपेट में आने से मौत

प्रशासन

कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई और मुआवजे की मांग उठाई, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला भी रहे मौजूद

बीकानेर // रत्ताणी व्यासों के चौक में सड़क पर टूटकर गिरे बिजली के तारों की चपेट में आने से राहुल ओझा नामक एक युवक की मौत हो गई। हादसे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन के समक्ष दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।

जानकारी के अनुसार 23 जुलाई 2026 को सुबह करीब 5 बजे नगर निगम/BKESL के प्लास्टिक कोटेड बिजली के तार सड़क पर टूटकर पड़े हुए थे। क्षेत्र निवासी राहुल ओझा ने राहगीरों की सुरक्षा और किसी बड़े हादसे को टालने के उद्देश्य से तारों को हटाने का प्रयास किया। आरोप है कि प्लास्टिक कोटेड होने के बावजूद तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से राहुल ओझा गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।

घटना के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के नेतृत्व में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल, पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को लिखित ज्ञापन सौंपकर हादसे की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मृतक राहुल ओझा के परिजनों को राज्य सरकार के नियमानुसार उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते सड़क पर गिरे तारों को हटाया जाता और बिजली आपूर्ति बंद कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाते तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली व्यवस्था की नियमित निगरानी और जवाबदेही तय करने की भी मांग की। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।