बीकानेर टैक्स कंसल्टेंट एसोसिएशन चुनाव: दीपक व्यास बने अध्यक्ष, मनमोहन मोदी सचिव निर्वाचित

समाज

अध्यक्ष पद पर दीपक व्यास ने वाई.पी. मदान को 44 मतों से हराया, सचिव पद पर मनमोहन मोदी 4 मतों से जीते; 212 में से 199 सदस्यों ने किया मतदान

बीकानेर // बीकानेर टैक्स कंसल्टेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव पद के लिए शुक्रवार को जिला उद्योग संघ कार्यालय में चुनाव शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया सीए सोहनलाल बैद की अध्यक्षता में गठित चुनाव समिति के सदस्य एम.पी. शर्मा एवं एम.के. चूरा की देखरेख में सम्पन्न कराई गई।

एसोसिएशन के प्रवक्ता मदनमोहन व्यास ने बताया कि अध्यक्ष पद पर एडवोकेट दीपक व्यास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एडवोकेट वाई.पी. मदान को 44 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। कुल 212 मतदाताओं में से 199 सदस्यों ने मतदान किया। इनमें एक मत निरस्त होने के बाद वैध 198 मतों में दीपक व्यास को 121 तथा वाई.पी. मदान को 77 मत प्राप्त हुए।

वहीं सचिव पद पर हुए मुकाबले में सीए मनमोहन मोदी ने मदन गोपाल मोदी को 4 मतों से हराया। मनमोहन मोदी को 101 जबकि मदन गोपाल मोदी को 97 मत मिले।

चुनाव का आयोजन एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष माणक कोचर के निर्देशन में किया गया। मतदान सम्पन्न होने के बाद कोचर ने सभी सदस्यों का शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और उत्साहपूर्वक मतदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।