बीकानेर के संगठनों ने सचिवालय सेवा अधिकारी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा का किया अभिनंदन

समाज

राजस्थान शासन सचिवालय सेवा अधिकारी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा का बुधवार को शासन सचिवालय परिसर में विप्र फाउंडेशन बीकानेर एवं राजस्थान पुष्टिकर यूथ विंग की ओर से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विप्र फाउंडेशन बीकानेर के जिलाध्यक्ष सुभाष जोशी ने किया। इस दौरान राजस्थान शासन सचिवालय कर्मचारी-अधिकारी सेवा संघ के पूर्व अध्यक्ष महेश व्यास का सान्निध्य भी रहा।

समारोह में राजस्थान पुष्टिकर यूथ विंग के कोषाध्यक्ष दिनेश चूरा सहित विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सचिवालय कर्मचारी एवं अधिकारी सेवा संघ के सदस्य मौजूद रहे।

अभिनंदन के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सचिवालय सेवा अधिकारियों ने विश्वास जताकर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बीकानेर से आए साथियों द्वारा किए गए सम्मान से वे अभिभूत हैं और सभी के स्नेह व सहयोग के लिए हृदय से आभारी हैं।

पूर्व अध्यक्ष महेश व्यास ने कहा कि विप्र फाउंडेशन और राजस्थान पुष्टिकर यूथ विंग हमेशा सामाजिक सरोकारों का निर्वहन करते हुए समाज की प्रतिभाओं का सम्मान और सहयोग करते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिमन्यु शर्मा अपने कार्यकाल में सचिवालय सेवा अधिकारियों के हितों के लिए प्रभावी कार्य करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेंगे।