एनसीसी भर्ती में युवाओं का उत्साह, नव चयनित कैडेट्स को दिलाया राष्ट्रसेवा का संकल्प

शिक्षा

नेहरू शारदा पीठ पीजी कॉलेज में सम्मान समारोह, कर्नल एम.एस. नीजर का शॉल व पुस्तक भेंट कर किया सम्मान

बीकानेर। श्री नेहरू शारदा पीठ (पीजी) महाविद्यालय में बुधवार को 7 राज एनसीसी बटालियन की ओर से सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान बी और सी प्रमाण-पत्र प्राप्त कैडेट्स का सम्मान किया गया तथा नव चयनित कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने भर्ती प्रक्रिया और समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

7 राज एनसीसी बटालियन से पहुंचे अधिकारियों ने विद्यार्थियों को एनसीसी के महत्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रसेवा की भावना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से जीवन में जिम्मेदारी और अनुशासन को अपनाने तथा देश सेवा के लिए सदैव तैयार रहने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बिस्सा ने 7 राज बटालियन के कर्नल एम.एस. नीजर का शॉल एवं पुस्तक भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है, जो उनमें आत्मविश्वास, साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करती है। उन्होंने नव चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए एनसीसी के आदर्शों का पालन करने की प्रेरणा दी।

समारोह में डॉ. समीक्षा व्यास, रमेश भोजक, संगीता व्यास, दीपा हर्ष, एनसीसी एएनओ सुरेश कुमार, अमित पारीक, मुकेश पुरोहित, अरविंद कुमार स्वामी, गोवर्धन भादाणी, शिव कुमार प्रताप सिंह, दाऊलाल सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं 7 राज एनसीसी बटालियन के सुबेदार सम्भाजी माने और हवलदार कपिल कुमार ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए नव चयनित कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।