


बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित नाइलिट बीकानेर वेस्ट में 8 एवं 9 जुलाई को दो दिवसीय ड्रोन टेक्नोलॉजी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 30 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ड्रोन तकनीक की मूलभूत जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर केंद्र प्रभारी कपिल नायल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्रोन तकनीक आज कृषि, रक्षा, आपदा प्रबंधन, सर्वेक्षण, फोटोग्राफी तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उभरती हुई तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करना समय की आवश्यकता है तथा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को ड्रोन की असेंबली, प्रोग्रामिंग एवं संचालन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन नाइलिट बीकानेर वेस्ट के फैकल्टी चक्षु हर्ष एवं वैभव स्वामी ने किया। दोनों प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया, जिससे प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यशाला में भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।



