


61 खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले, दोनों वर्गों के शीर्ष दो खिलाड़ी चित्तौड़गढ़ में बीकानेर का करेंगे प्रतिनिधित्व
बीकानेर। स्थानीय ई-जी वे इंस्टीट्यूट हॉल में आयोजित जिला अंडर-13 शतरंज चयन प्रतियोगिता में ओपन वर्ग का खिताब दक्ष सिंह ने अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में अनन्या सांखला विजेता बनीं। प्रतियोगिता के दोनों वर्गों से शीर्ष दो खिलाड़ी अब चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में बीकानेर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में कुल 61 खिलाड़ियों ने भाग लिया। ओपन वर्ग में विभोर चोपड़ा ने दूसरा और जैनम कोठारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में यशस्वी चौहान दूसरे तथा जीविका पंवार तीसरे स्थान पर रहीं।
समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी एवं जिला शतरंज संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल बोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में दोनों वर्गों के शीर्ष 10 खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने नन्हे खिलाड़ियों को शतरंज की शुरुआती रणनीतियों से लेकर उच्च स्तर तक पहुंचने की तैयारी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, निर्णय क्षमता और उज्ज्वल करियर निर्माण का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि गजनेर की प्रिंसिपल नीलम चोपड़ा थीं। प्रतियोगिता का संचालन परफेक्ट चेस अकादमी के निदेशक कपिल पंवार, रविकांत मारू और भानु आचार्य की देखरेख में हुआ। तीनों ने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका भी निभाई।



