बीकानेर शहर को मिलेगी 100 करोड़ रुपये की सौगात : 14 अगस्त को मुख्यमंत्री करेंगे पीबीएम की नई मेडिसिन विंग का लोकार्पण

स्वास्थ्य

द्वारका प्रसाद पचीसिया की अगुवाई में मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल को मिली स्वीकृति

बीकानेर // करीब 100 करोड़ की लागत से बनी नवनिर्मित मेडिसिन विंग का लोकार्पण 14 अगस्त की दोपहर 3:00 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। नापासर के भामाशाह कन्हैयालाल मूंधड़ा व उनके परिवार ने श्रीमती सीएम मुधड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट के जरिए करीब 2 साल पहले इस मेडिसिन विंग का निर्माण कराया था। यह मेडिसिन विंग 527 बेड का एक विशालकाय अस्पताल है जहां पर अत्यधिक चिकित्सा तंत्र से लैस सुविधा बीकानेर वासियों को मिलेगी।

लंबे समय से सरकार इसका MOU नहीं कर रही थी मगर बीते दिनों MOU होने के बाद इसे पीबीएम अस्पताल को सुपुर्द करने की तैयारी जोरों पर चल रही थी। अब 14 अगस्त को विधिवत रूप से इसका लोकार्पण हो जाएगा।

इस तरह तय हुआ लोकार्पण

इस संबंध में शुक्रवार देर शाम सी.एम. मूंधड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट, बीकानेर के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे मेडिसिन विंग के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए अपनी सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान एडवोकेट राजेश लदरेचा, वीरेंद्र किराडू तथा अरविंद चौधरी भी उपस्थित रहे।

दरअसल इस बार का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को बीकानेर के करणी सिंह स्टेडियम में मनाया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री 14 अगस्त को वैसे भी बीकानेर आ रहे हैं। इस आशय की जानकारी मिलने पर ट्रस्ट के पदाधिकारी जयपुर गए और उन्होंने मुख्यमंत्री से संदर्भ में गंभीरता से बात की तो मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त को दोपहर 3:00 बजे लोकार्पण समारोह में भाग लेने की सहमति प्रदान कर दी।
द्वारका प्रसाद पचीसिया ने बताया कि लोकार्पण समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जिले के विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

ये सुविधाएं हैं नई मेडिसिन विंग में

करीब 2.89 लाख वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित यह मेडिसिन विंग भविष्य की चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है। इसमें 527 बेड, 9 जनरल वार्ड, 20-20 बेड क्षमता के 3 आईसीयू, 9 बेड का आइसोलेशन वार्ड, 39 सिंगल-बेड कॉटेज, 14 डबल एवं ट्रिपल-बेड कॉटेज, कन्विक्ट वार्ड तथा आर्मी वार्ड जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए भवन में 8 डॉक्टर चैंबर, 16 आरओ वाटर बूथ, 232 शौचालय, 91 स्नानघर, 600 सीट क्षमता का प्रतीक्षालय, 150 सीट क्षमता का लेक्चर हॉल, प्रत्येक शौचालय में इमरजेंसी कॉल बेल, अटेंडेंट के लिए पृथक बेड, अत्याधुनिक अग्निशमन प्रणाली, ऑक्सीजन मैनिफोल्ड प्लांट, 165 सीसीटीवी कैमरे, 1250 किलोवाट क्षमता के दो जनरेटर, 76 हजार वर्गफीट पार्किंग क्षेत्र, 7 हजार वर्गफीट कैफेटेरिया क्षेत्र, 4 लिफ्ट, 4 हजार वर्गफीट योगा क्षेत्र तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।