विश्व हिंदू परिषद के बीकानेर महानगर अध्यक्ष बने रामरतन धारणीया, जोधपुर प्रांत बैठक में मिली जिम्मेदारी

समाज

बीकानेर | विश्व हिंदू परिषद की दो दिवसीय प्रांत बैठक जोधपुर में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसी दौरान विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री सुरेंद्र जैन एवं प्रांत नेतृत्व की मौजूदगी में रामरतन धारणीया को बीकानेर महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में सेवा, सुरक्षा, समरसता और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। आगामी समय में विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए कार्ययोजना भी तैयार की गई। प्रांत स्तर पर विभिन्न दायित्वों की घोषणा करते हुए संगठन को अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

नई जिम्मेदारी मिलने पर रामरतन धारणीया ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद के सिद्धांतों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बीकानेर महानगर में संगठन का विस्तार करते हुए युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

दायित्व की घोषणा के बाद बीकानेर विभाग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रामरतन धारणीया को शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महानगर में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।