तुलसीदास जयंती पर बीकानेर में गूंजेगा सुंदरकांड, 101 मंदिरों में एक साथ होगा पाठ

धर्म-कर्म

9 अगस्त को बड़े हनुमानजी मंदिर में मंगल मिलन समारोह, संत सरजूदासजी महाराज रहेंगे मुख्य अतिथि

बीकानेर। संत शिरोमणि युगपुरुष गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में बीकानेर में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के तहत 19 अगस्त को शहर की लघु काशी कहलाने वाली बीकानेर के 101 देवालयों में शाम 7 से 9 बजे तक एक ही समय में 101 मानस मंडलियों द्वारा सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

कार्यक्रम के समन्वयक भंवर पुरोहित ने बताया कि तुलसीदास जयंती को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने के उद्देश्य से शहरभर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं संयोजक नरेश पुरोहित ने बताया कि जयंती के अवसर पर बीकानेर के अलग-अलग क्षेत्रों में पंचदिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसी श्रृंखला में 9 अगस्त, रविवार को बड़े हनुमानजी मंदिर, रतन बिहारी पार्क में मंगल मिलन समारोह आयोजित होगा। समारोह में राष्ट्रीय संत अखिल भारतीय महामंडलेश्वर श्री सरजूदासजी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर समाज और धर्म क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सेवा सम्मान, परोपकार सम्मान, आध्यात्मिक मानस रत्न सम्मान तथा मानस मंडली सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भंवर पुरोहित के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विप्र फाउंडेशन जोन-1बी तथा सर्व कामगार सेवा संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया और सामाजिक समरसता एवं धार्मिक एकता के इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर तुलसीदास जयंती को भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का उत्सव बनाने की अपील की।