


कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल भी पहुंचे, अधिकारियों ने जल्द कनेक्शन देने का दिया आश्वासन
बीकानेर // चोपड़ा बाड़ी स्थित परशुराम कॉलोनी के करीब 50 परिवार मंगलवार को जल कनेक्शन की फाइलें लेकर कांग्रेस नेता अरुण व्यास के नेतृत्व में सुजानदेसर पानी की टंकी पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कनेक्शन देने की मांग की।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने टंकी परिसर स्थित सरकारी ट्यूबवेल से पानी भरकर जा रहे टैंकरों को रोक लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सरकारी ट्यूबवेल से रोजाना टैंकरों के जरिए पानी की कालाबाजारी की जा रही है। टैंकर चालकों से पूछताछ करने पर जेईएन द्वारा भेजे जाने की बात कही गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
कांग्रेस नेता अरुण व्यास ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग ने महीनों पहले परशुराम कॉलोनी में पाइपलाइन बिछा दी, लेकिन अब जानबूझकर कनेक्शन नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ कॉलोनी के लोग पानी के कनेक्शन के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी ट्यूबवेल से टैंकर भरकर पानी की कथित कालाबाजारी हो रही है।
एईएन दीक्षा और जेईएन अजय से वार्ता नहीं बनने पर जलदाय विभाग के सिटी एक्सईएन जितेंद्र बैंस मौके पर पहुंचे। व्यास ने उन्हें कॉलोनीवासियों को कनेक्शन देने में भेदभाव तथा सरकारी ट्यूबवेल से पानी चोरी के आरोपों से अवगत कराया। इस पर एक्सईएन बैंस ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और एईएन दीक्षा व जेईएन अजय के साथ कॉलोनी का मौका मुआयना कर जल्द कनेक्शन की कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धरने की सूचना पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता की। वार्ता में संगठन महासचिव रमजान कच्छवा, डीसी गहलोत, मानक वाल्मीकि, गोविंद पुरोहित, नरनारायण स्वामी, सोनू बारसा, पंकज स्वामी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।



