


70 हजार से अधिक शिवलिंगों का निर्माण पूरा
बीकानेर // सावन मास के पावन अवसर पर श्री राजराजेश्वरी बाला त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण का भव्य धार्मिक अनुष्ठान जारी है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जा रहा है। अब तक 70 हजार से अधिक पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण पूरा हो चुका है।
मंदिर के अधिष्ठाता पंडित ग्वालदत्त व्यास ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव की आराधना के उद्देश्य से यह विशेष अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। जय मां परिवार के सदस्य सामूहिक रूप से इस धार्मिक संकल्प को पूरा करने में जुटे हैं। पार्थिव शिवलिंग निर्माण के दौरान मंदिर परिसर में लगातार मंत्रोच्चारण और शिव आराधना का वातावरण बना हुआ है।
आयोजन में पंडित सिद्धार्थ पुरोहित, बाबू पनिया, बृज गोपाल पुरोहित, शशिकुमार व्यास, रामकुमार, मनोज रंगा, रमेश हर्ष, रमेश बाबा, रामचंद्र व्यास, हरिनारायण सारस्वत, हरिप्रकाश हर्ष, चंद्रशेखर जोशी, रंगा श्री, भानु पनिया, शिव कुमार व्यास, शुभम व्यास सहित जय मां परिवार के अनेक सदस्य प्रतिदिन सहभागिता निभा रहे हैं।
इस दौरान कुमार कोच साब द्वारा प्रस्तुत भजनों ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। भजनों और मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में लीन नजर आए। 70 हजार से अधिक पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण पूरा होने के बाद अब आयोजन सवा लाख के संकल्प की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सावन मास में चल रहा यह अनुष्ठान बीकानेर में सामूहिक शिव आराधना और श्रद्धा का विशेष केंद्र बना हुआ है।



