सड़क सुरक्षा एवं व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

शिक्षा

बीकानेर। राजकीय विधि महाविद्यालय बीकानेर में प्राचार्य प्रोफेसर भगवान राम विश्नोई की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. कुमुद जैन ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों एवं यातायात संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
प्रो जैन ने विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि दूसरों के जीवन की भी रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. हेम सिंह शेखावत ने किया।

इसी क्रम में राजस्थान राज्य महिला नीति के अंतर्गत व्यक्तिगत स्वच्छता विषय पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. छींपा ने व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता को स्वस्थ एवं बेहतर जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम का संचालन महिला नीति की समन्वयक डॉ. रेखा आचार्य ने किया। दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया वह शैक्षणिक शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहा ।