दिव्यांग प्रतिभाओं को मिला मंच, सक्षम उत्सव में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

समाज

नृत्य, गायन, मॉडलिंग, चित्रकला और हस्तकला सहित विभिन्न गतिविधियों में लिया भाग; प्रतिभाशाली दिव्यांगजनों का किया सम्मान

बीकानेर। सरस फाउंडेशन की ओर से रविवार को गोपेश्वर बस्ती स्थित शिव शिवा मोदी भवन में सक्षम उत्सव का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित उत्सव में दिव्यांगजनों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर साबित किया कि हौसलों के आगे चुनौतियां बाधा नहीं बन सकतीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जन शिक्षण संस्थान के निदेशक ओमप्रकाश सुथार ने की।

आयोजनकर्ता सरस फाउंडेशन की प्राचार्य एवं चेयरमैन पिंकी शर्मा ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य दिव्यांगजनों में छिपी प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें पहचान दिलाने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में दिव्यांग प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, मॉडलिंग, कविता पाठ, अभिव्यक्ति, खेलकूद, हस्तकला, चित्रकला और हस्तलेखन सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
उत्सव के दौरान शैक्षिक, चिकित्सा, योग, सुरक्षा, करियर और रोजगार से जुड़े विषयों पर सेमिनार आयोजित किए गए। साथ ही हस्तशिल्प और रेडीमेड वस्तुओं के स्टॉल भी लगाए गए। अपनी शारीरिक चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर समाज में विशिष्ट पहचान बनाने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मूक-बधिर विद्यालय, अंध विद्यालय, दिव्यांग सेवा संस्थान, सेवा आश्रम, सक्षम आश्रम और सेवा धाम बालक छात्रावास सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में किशन लाल मोदी, मंगल जोशी, भवानी शंकर, जानवी सोनी, अनिल बोगिया, बनवारी लाल शर्मा, ज्योति सेल्वाल और अनुराधा प्रजापत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुरेंद्र डागा, अंकित भारद्वाज, रेनू वर्मा, भावना शर्मा, सुनीता गुलाटी, भारती शर्मा, किशन कुमार जोशी, प्रमोद शर्मा, सईद अहमद, आनंद सोनी, ललित चौधरी और भंवरलाल बाणिया सहित अन्य अतिथि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजा सांखी ने किया।