उदय भास्कर ने डिजिटल पत्रकारिता में बढ़ाया कदम, ई-पेपर लॉन्च

समाज

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा को भेंट की पहली प्रति; बोले- पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से ई-पेपर उपयोगी, सोशल मीडिया के दौर में खबरों की विश्वसनीयता जरूरी

बीकानेर। खबरों में सत्य के साथ तथ्य को प्राथमिकता देने वाले बीकानेर के चर्चित न्यूज पोर्टल उदय भास्कर ने अब ई-पेपर की शुरुआत की है। इसके साथ ही पोर्टल ने डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया कदम बढ़ाया है। ई-पेपर की पहली प्रति सोमवार को संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा को भेंट की गई।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि डिजिटल युग में ई-पेपर की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है। कागज के उत्पादन में पानी और बिजली की खपत होती है, जिसका पर्यावरण पर भी असर पड़ता है। ऐसे में ई-पेपर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी विकल्प है।

उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा दौर में खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। सूचना के तेजी से प्रसार के बीच तथ्यपरक और भरोसेमंद पत्रकारिता की अहमियत बनी हुई है। इस दौरान उदय भास्कर के मुख्य संपादक प्रमोद आचार्य और प्रबंध निदेशक रवींद्र हर्ष मौजूद रहे।