समूह गान प्रतियोगिता समाचारसात स्कूलों ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां, नालंदा स्कूल रहा प्रथम

आसपास

भारत विकास परिषद मीरा शाखा की शाखा स्तरीय समूह गान प्रतियोगिता में हिंदी-संस्कृत गीतों के साथ राजस्थानी लोकगीतों ने भी मोहा मन

बीकानेर। भारत विकास परिषद मीरा शाखा की ओर से सोमवार को नोखा रोड स्थित हंसा गेस्ट हाउस में शाखा स्तरीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। देशभक्ति के तरानों और सुमधुर स्वरों से सजे कार्यक्रम में सात विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत में देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं, कुछ विद्यालयों की टीमों ने राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुतियां देकर लोक संस्कृति की छटा भी बिखेरी।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि आचार्य राजेंद्र जोशी, शाखा संरक्षिका ऋतु मित्तल, अध्यक्ष हेमा दाधीच, सचिव सुमन यादव तथा निर्णायक दामोदर तंवर व नवरतन व्यास ने स्वामी विवेकानंद एवं मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से किया। कुमार नरुन यादव ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी। इसके बाद वीना जोशी की कथक कक्षा की छात्राओं गरिमा व्यास, दिव्या व्यास और हीरल पारिख ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।

शाखा अध्यक्ष हेमा दाधीच ने स्वागत उद्बोधन दिया। सचिव सुमन यादव ने मंच संचालन किया। संरक्षिका ऋतु मित्तल ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्णायकों के नाम परिणाम घोषित होने के बाद सार्वजनिक किए जाते हैं। प्रांतीय महिला सहभागिता संयोजिका छवि गुप्ता ने परिणामों की घोषणा की।

ये रहे परिणाम

प्रथम स्थान नालंदा स्कूल, द्वितीय बीकेवी महारानी स्कूल तथा तृतीय स्थान एचपी मोदी स्कूल ने प्राप्त किया। रियान पब्लिक स्कूल को विशेष पुरस्कार दिया गया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, पदक और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि व निर्णायक मंडल के सदस्यों का भी दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।

निर्णायकों ने विद्यार्थियों को संगीत शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विजयश्री गुप्ता, कविता कटारिया, रेणु कच्छावा, मंजू यादव, ललिता गुप्ता, वीना जोशी, कुमार नरुन यादव और रेणु जोशी सहित शाखा कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।