


स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर, शुभकामनाओं का लगा तांता
बीकानेर। राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसाइटी (आरएमईएस), चिकित्सा शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) भर्ती परीक्षा में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका रंगा का अंतिम चयन प्रथम रैंक के साथ हुआ है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार, मित्रों और चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है।
डॉ. मोनिका रंगा ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के बल पर प्रदेश स्तर की इस महत्वपूर्ण भर्ती में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि बीकानेर का भी नाम गौरवान्वित किया है। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनकी यह सफलता युवा चिकित्सकों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।
परिजनों ने बताया कि डॉ. रंगा शुरू से ही अध्ययन और चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पित रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर समाज के विभिन्न वर्गों, चिकित्सकों, शुभचिंतकों एवं परिचितों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
डॉ. मोनिका रंगा के प्रथम रैंक के साथ चयन पर पूरे परिवार को शुभकामनाएं दी जा रही हैं। लोगों ने विश्वास जताया कि वे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नए आयाम स्थापित करेंगी।



