



शारीरिक शिक्षक हनुमान सिंह देवड़ा को सीएम भी कर चुके हैं, शिक्षा मंत्री दिलावर ने एम कार्यक्रम में पांव छूकर लिया था आशीर्वाद
इनके 100 से अधिक विद्यार्थी कर रहे हैं सेना व बीएसएफ में नौकरी
नागौर // राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नागौर विभाग संघचालक हनुमान सिंह देवड़ा का निधन हो गया। आदर्श शिक्षण संस्थान के नागौर जिला संरक्षक के रूप में भी देवड़ा वर्तमान में दायित्व निर्वहन कर रहे थे। नागौर जिला मुख्यालय के जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित सैनिक क्षत्रिय माली समाज के मोक्षधाम में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान नागौर के अनेक गणमान्य लोगों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे।
बतौर शारीरिक शिक्षक दूर-दूर तक थी इनकी ख्याति
अनेक वर्षों तक गोगेलाव के राजकीय विद्यालय में शारीरिक शिक्षक के रूप में दायित्व निर्वहन करने वाले देवड़ा की राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भी प्रशंसा की गई। एक दिवसीय रात्रि प्रवास में गोगेलाव आए मुख्यमंत्री द्वारा देवड़ा का माल्यार्पण करके स्वागत भी किया ओर सीएम ने उनसे आशीर्वाद भी लिया था। देवड़ा के सेवानिवृत्त कार्यक्रम में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने मंच ओर ही देवड़ा के पांव छूकर आशीर्वाद लिया था। सेवानिवृत्ति के सात दिवसीय कार्यक्रम में शिष्यों द्वारा ही पौधारोपण, रक्तदान शिविर, विभिन्न शारीरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन, सामाजिक सरोकारों से संबंधित कार्य तथा प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली की भजन संध्या का भी आयोजन इस अवसर पर किया गया।
100 से अधिक छात्र लग चुके हैं नौकरी, उन्होंने देवड़ा को भेंट की थी कार
सामाजिक कार्यकर्ता बालकिशन भाटी ने बताया कि जब हनुमान सिंह देवड़ा सेवानिवृत हुए तो उनके 100 से अधिक शिष्यों ने उन्हें एक कार भेंट की थी। देवड़ा के मार्गदर्शन में गोगेलाव गांव में अध्ययन करने वाले गोगेलाव व आसपास के गांवों के 100 से अधिक विद्यार्थियों का शारीरिक क्षमता के बल पर भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल, पुलिस व शारीरिक शिक्षक के रूप में चयन हो चुका है। अनेक विद्यार्थी भी इस गांव से अपने शारीरिक शिक्षक देवड़ा के मार्गदर्शन में राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी सहभागी बने हैं। उनकी अंतिम यात्रा के समय उनके अनेक शिक्षक शिष्य, सेना जवान व शारीरिक शिक्षकों ने भी अंतिम यात्रा के समय मौजूद रहकर उन्हें अश्रुपूरित विदाई दी।
अंतिम यात्रा में ये रहे शामिल
आरएसएस के नागौर विभाग संघचालक स्वर्गीय हनुमान सिंह देवड़ा की अंतिम विदाई के दौरान संघ के अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख जगदीश प्रसाद, जोधपुर प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा, प्रांत प्रचारक विजयानंद, डीडवाना जिला संघचालक रामावतार सराफ, नागौर जिला संघचालक मुकेश भाटी, विभाग प्रचारक गिरधारी लाल, किसान आयोग के अध्यक्ष सी. आर. चौधरी, खींवसर के विधायक रेवंतराम डांगा, नागौर के पूर्व विधायक मोहन राम चौधरी, अतिरिक्त महाधिवक्ता बंसीलाल भाटी, हरिराम धारणिया, भोजराज सारस्वत, नागौर भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया, हेमंत जोशी, बालकिशन भाटी, शरद जोशी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे। सभी ने नम आंखों से देवड़ा को अंतिम विदाई दी।



