हल्दीराम एजुकेशनल सोसाइटी लगातार 5वीं बार राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से होगी सम्मानित

शिक्षा

29 जून को जयपुर में होगा सम्मान

बीकानेर // शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हल्दीराम एजुकेशनल सोसाइटी को लगातार पांचवीं बार राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह 29 जून, सोमवार को जयपुर स्थित बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जहां राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सोसाइटी को सम्मानित करेंगे।

शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिवर्ष शिक्षा के उन्नयन एवं राजकीय विद्यालयों के विकास में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले भामाशाहों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष हल्दीराम एजुकेशनल सोसाइटी को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रानी बाजार (गुरुद्वारा), बीकानेर में तीन करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य करवाने के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है। समारोह में सोसाइटी के अध्यक्ष एवं भामाशाह मनोहर लाल अग्रवाल तथा प्रेरक रमेश कुमार अग्रवाल राज्य स्तरीय सम्मान ग्रहण करेंगे।

उल्लेखनीय है कि हल्दीराम एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा बीकानेर की पांच राजकीय विद्यालयों को गोद लेकर उनमें आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विकास किया गया है। सोसाइटी ने विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक फर्नीचर, खेल मैदानों का विकास तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध करवाकर सरकारी विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा दी है। सोसाइटी का यह सतत योगदान शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण माना जा रहा है।