राम मंदिर में विजयवर्गीय महिला मंडल की सेवा: श्रद्धालुओं के लिए लगाया वाटर कूलर

धर्म-कर्म

सामूहिक हनुमान चालीसा से गूंजा परिसर

बीकानेर // सामाजिक सरोकार और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम उस समय देखने को मिला, जब सुर्दशना नगर स्थित नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में विजयवर्गीय महिला मंडल, बीकानेर की ओर से श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए वाटर कूलर स्थापित किया गया। भीषण गर्मी के बीच यह सेवा कार्य मंदिर आने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर भगवान श्रीराम और बजरंगबली की आराधना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।

महिला मंडल की सदस्य ज्योति विजयवर्गीय ने बताया कि संस्था समय-समय पर समाजहित एवं जनसेवा से जुड़े कार्य करती रही है। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ जरूरतमंदों की सेवा और जनकल्याण के कार्य संस्था की प्राथमिकता हैं।

कार्यक्रम में गीता गांधी, सरिता गांधी, तारा गांधी, विजयलक्ष्मी गांधी, संगीता गांधी, शिखा विजय, पूजा विजय, कोमल गांधी, शिला विजय, ज्योति विजयवर्गीय सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण के साथ हुआ।