13 साल से बसी कॉलोनियों को पट्टे दिलाने की पहल, डॉ. सुरेंद्रसिंह ने ACS से मिलकर सौंपा ज्ञापन

प्रशासन

बीकानेर विकास प्राधिकरण क्षेत्र की नई व सर्वे से छूटी कॉलोनियों का सुओ-मोटो सर्वे कराने की मांग, ACS ने कलेक्टर को दिए कार्रवाई के निर्देश

बीकानेर/जयपुर, 8 जुलाई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुरेंद्रसिंह ने बुधवार को जयपुर स्थित शासन सचिवालय में नगरीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता से मुलाकात कर बीकानेर विकास प्राधिकरण क्षेत्र में पिछले 13 वर्षों में विकसित हुई नई कॉलोनियों तथा वर्ष 2013 के सर्वेक्षण से छूट गई कॉलोनियों का स्वतः संज्ञान (सुओ-मोटो) लेकर सर्वे कराने और पात्र परिवारों को पट्टे जारी करने की मांग की।

डॉ. सुरेंद्रसिंह ने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2013 में बीकानेर शहर की कृषि एवं राजकीय भूमि पर बसी कॉलोनियों का सर्वे कराया गया था, लेकिन इसके बाद विकसित हुई नई कॉलोनियों का कोई व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार नहीं किया गया। वहीं कई पुरानी कॉलोनियां भी अब तक सर्वेक्षण से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि नगर विकास न्यास को बीकानेर विकास प्राधिकरण का दर्जा मिलने के बावजूद प्राधिकरण द्वारा सुओ-मोटो सर्वे नहीं कराया जा रहा, जिससे पट्टा शिविरों का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

उन्होंने मांग की कि जिन कॉलोनियों में कृषि अथवा राजकीय भूमि पर 50 प्रतिशत से अधिक आबादी बस चुकी है और मकानों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, वहां सरलीकृत प्रक्रिया के तहत पुनः सर्वे कर पट्टे जारी किए जाएं। इससे तिलक नगर, अंबेडकर कॉलोनी, पटेल नगर, शिवबाड़ी, बंगला नगर, सर्वोदय बस्ती, चौधरी कॉलोनी, शहर कज़ानी, रिडमलसर पुरोहितान, सागर, उदासर, गंगाशहर, भीनासर, उदयरामसर, किसमीदेसर, सुजानदेसर, चक गरबी, कानासर, नाल, करमीसर, चावड़ा बस्ती सहित अनेक कॉलोनियों के हजारों निवासियों को राहत मिल सकेगी।

मुलाकात के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने जिला कलेक्टर बीकानेर से फोन पर बात कर शेष बची कॉलोनियों का सर्वे शीघ्र कराने तथा पात्र लोगों को पट्टे जारी करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।