पोकरण में 17 अगस्त को होगा विराट अति महारुद्राभिषेक, हरिद्वार से आएंगे 20 हजार लीटर गंगाजल; 1500 से अधिक पंडित करेंगे रुद्राभिषेक

धर्म-कर्म

श्रावण के तीसरे सोमवार मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर में विश्व शांति व लोककल्याण की कामना से होगा महाअनुष्ठान, बीकानेर से 700 से अधिक विद्वान पंडित होंगे शामिल

विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ श्रावण माह के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को पोकरण के ऐतिहासिक रामदेवसर तालाब स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर में भव्य अति महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। इस महाअनुष्ठान में 1500 से अधिक विद्वान पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक करेंगे। आयोजन के लिए हरिद्वार से विशेष रूप से करीब 20 हजार लीटर गंगाजल टैंकर के माध्यम से मंगवाया जाएगा।

आयोजन से जुड़े पंडित राजेन्द्र किराडू ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि बीकानेर से 700 से अधिक पंडित 15 बसों के जरिए 16 अगस्त को पोकरण पहुंचेंगे। उनके ठहरने की व्यवस्था जाट धर्मशाला में की गई है। इसी अवसर पर श्रीधर महाराज के करकमलों से आयोजन के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

श्रीधर महाराज ने अति महारुद्राभिषेक का महत्व बताते हुए कहा कि यह भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने और लोककल्याण के लिए किया जाने वाला अत्यंत प्रभावशाली वैदिक अनुष्ठान है। इसमें 11 बार महारुद्र की आवृत्ति के साथ कुल 14,641 बार वैदिक मंत्रों का जाप, रुद्राभिषेक और हवन संपन्न होता है। रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग का दूध, दही, घी, शहद, पंचामृत एवं सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक किया जाएगा।

मुख्य यजमान नरेन्द्र गांधी ने बताया कि 16 अगस्त को हरिद्वार से 20 हजार लीटर गंगाजल पोकरण पहुंचेगा। इसी गंगाजल से 1008 कलश भरकर भगवान मार्कण्डेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा गन्ने के रस, दूध, घी और पंचामृत से भी विशेष पूजन होगा। उन्होंने बताया कि इस महाअनुष्ठान में पोकरण, बीकानेर, फलोदी, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर सहित विभिन्न क्षेत्रों से रुद्रीपाठी शामिल होकर यजुर्वेद के मंत्रों के साथ रुद्राभिषेक करेंगे।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में पं. अशोक ओझा, पं. अशोक बिस्सा, पं. मुकेश ओझा, संजय कुमार गांधी, पोकरण नगरपालिका चेयरमैन मनीष पुरोहित, पं. मुरलीधर पुरोहित, गायत्री प्रसाद शर्मा, यज्ञ प्रसाद शर्मा, पं. देवकी नंदन व्यास, रमेश किराडू, मनोज पुरोहित, श्यामसुंदर चूरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।