


बीकानेर। नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट एवं जैन कॉलेज बैचमेट्स 1992-1995 के संयुक्त तत्वावधान में तथा बीकानेर वैचारिक जागरण मंच के सहयोग से आयोजित “खेजड़ली उत्सव-2026” का आज उत्साह, सेवा भावना एवं सामाजिक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं आध्यात्मिक-सामाजिक समन्वय को बढ़ावा देना था।

“₹1 प्रतिदिन सेवा योजना” के अंतर्गत आयोजित इस विशेष अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों, समाजसेवियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लेकर खेजड़ी सहित विभिन्न पौधों का वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने “एक परिवार – प्रतिवर्ष एक वृक्ष” का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। वृक्षारोपण के उपरांत प्रतिभागियों ने सुजानदेसर स्थित बाबा रामदेवजी एवं काली माता मंदिर में दर्शन कर पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी साथियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर सीए विनोद कुमार पारख, मुकेश पुरोहित, विजय बोथरा, बृजरतन भोजक, राजेश बोथरा, पुखराज लालानी, प्रेम प्रकाश सोनी, गणेश दैया, किशोर कुमार बांठिया सहित अनेक सेवा साथी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों, सहयोगी संस्थाओं एवं सेवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “₹1 प्रतिदिन सेवा योजना” के माध्यम से समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के विभिन्न कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।



