



खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा— योग को दिनचर्या में शामिल कर पूर्ण ऊर्जा के साथ निभा सकते हैं पारिवारिक व सामाजिक दायित्व
बीकानेर // योग प्रशिक्षण एवं प्रचार समिति के तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिक भ्रमण पथ पर आयोजित आठ दिवसीय निशुल्क योग विज्ञान शिविर का रविवार को समापन हुआ। समारोह खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के मुख्य आतिथ्य, डॉ. पिंटू नाहटा की अध्यक्षता तथा भाजपा शहर महामंत्री श्याम सिंह हाडला एवं भाजपा देहात महामंत्री तोलाराम कूकणा के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पर्यावरण मित्रों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों का सम्मान भी किया गया।
मधुमेह, रक्तचाप, मानसिक तनाव और मोटापे जैसे विषयों पर केंद्रित शिविर के अंतिम दिन योग साधक विनोद जोशी एवं श्रीमती दीपा मोडासिया ने सात दिनों में कराए गए विशेष प्राणायाम, आसनों और सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया। इसके बाद अतिथियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले साधक तेजप्रताप सिंह एवं श्रीमती दीपा मोडासिया को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वृक्षारोपण अभियान से प्रेरित होकर पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मदन मोहन छंगाणी, राजेंद्र सिंह राठौड़, वीर सावरकर पर्यावरण समिति, सीडी सागर, राजेंद्र शर्मा, रघुवीर लुहानिवाल, तिलक राज सुगंध, अजय खत्री, मधु खत्री, घनश्याम जोशी, हरीश बिश्नोई, हरदयाल सिंह, बलविंदर यादव, दिलीप देवड़ा, गणेश सोनी, गोपाल झा एवं भवानी शंकर सांखला को “पर्यावरण मित्र सम्मान” से सम्मानित किया गया।
अध्यक्षता कर रहे डॉ. पिंटू नाहटा ने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
विशिष्ट अतिथि श्याम सिंह हाडला ने कहा कि वर्तमान भौतिकवादी जीवनशैली में निशुल्क योग कक्षाओं का संचालन समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है।
मुख्य अतिथि डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा के योग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में मान्यता मिली, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि योग, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या स्वस्थ जीवन की कुंजी हैं।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा देहात महामंत्री तोलाराम कूकणा ने अतिथियों एवं योग साधकों का आभार जताया। भारत माता की जय के नारों और हास्यासन के साथ शिविर का समापन हुआ। समिति की नियमित योग कक्षाएं प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक पूर्ववत जारी रहेंगी।



