म्हारी प्यारी गणगौर कार्यक्रम में बिखरे नारी प्रतिभा के रंग, 250 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग

समाज

गणगौर विवाह की रस्मों की आकर्षक प्रस्तुति, नन्ही बालिकाओं से लेकर प्रोफेशनल महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

बीकानेर // नारी शक्ति संगठन बीकानेर और फिटनेस योगा स्टूडियो की ओर से आयोजित “म्हारी प्यारी गणगौर” कार्यक्रम में नन्ही बालिकाओं से लेकर विभिन्न प्रोफेशन से जुड़ी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा के रंग बिखेरे। कार्यक्रम में महिलाएं पारंपरिक परिधान में स्वयं गणगौर बनकर पहुंचीं। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। यह कार्यक्रम सिनेमैजिक सिनेमा हॉल के ठीक सामने स्थित राधा कृष्ण पैलेस में दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक लगातार जारी रहा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गणगौर के विवाह की रस्मों की प्रस्तुति रही। इस दौरान गणगौर पूजन, गणगौर मेहंदी, हल्दी, गणगौर की शादी, गणगौर का मायरा और गणगौर की विदाई जैसी रस्मों को रोचक अंदाज में मंच पर प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

विभिन्न प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में सोलो गणगौर वॉक (अंडर-18 और 18 से ऊपर) तथा डुएट वॉक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं पूर्वी द्वारा प्रस्तुत भाला-तलवार नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। इसके अलावा गवर-ईश्वर जोड़ी प्रतियोगिता भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। कार्यक्रम में 250 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

निर्णायकों ने किया मूल्यांकन

कार्यक्रम में अंजू माथुर, राधा माथुर, अन्नू सुथार और अंकुर गुप्ता ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं अतिथि के रूप में अलका डॉली पाठक और सरला सिंघी (श्रीराम पापड़) उपस्थित रहीं।

गणगौर के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता की दी जानकारी

इस अवसर पर डॉ. शेफाली दाधीच ने गणगौर के माध्यम से महिलाओं को कैंसर सहित अन्य बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी। वे स्वयं भी आकर्षक गणगौर के रूप में सजी हुई थीं। उनकी पारंपरिक ड्रेस और आभूषणों की अलग ही आभा देखने को मिली।

इनका हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान संतोष अग्रवाल, सरला सिंघी, डॉ. शेफाली दाधीच, ज्ञान गोस्वामी और राजस्थानी फिल्मों के अभिनेता अरविंद सिंह का विशेष सम्मान किया गया। अंत में कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार जाने-माने उद्घोषक रविंद्र हर्ष तथा कार्यक्रम का मंच संचालन कर रहे ज्योति प्रकाश रंगा को भी सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने दिया संदेश

नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष मधु खत्री ने कहा कि गणगौर केवल त्योहार नहीं बल्कि महिलाओं की संस्कृति, आस्था और सृजनशीलता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और सामाजिक एकजुटता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम की सह-आयोजक पिंकी जैन ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को परंपरा से जोड़ना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

म्हारी प्यारी गणगौर के ये रहे विजेता

“म्हारी प्यारी गणगौर” कार्यक्रम की आयोजक मधु खत्री व पिंकी जैन ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई। जिसमे 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में इशिता कंवर ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय तथा शिखा गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
18 वर्ष से कम आयु वर्ग में पूर्वी तक और दीपिका चंगानी विजेता रहीं।
वहीं गणगौर ईश्वर जोड़ी प्रतियोगिता में हनी माथुर व शिखा गुप्ता तथा परिधि मूंधड़ा व कृष्णवि लोहिया विजेता रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पारंपरिक गणगौर की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं और विजेताओं को सम्मानित किया गया।